
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ (बीकेटी): बख्शी का तालाब (बीकेटी) क्षेत्र में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा के सामने स्थित एक चाय की दुकान पर अवैध गांजा बेचे जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। आपात नंबर 112 पर मिली सूचना के आधार पर पहुंची पुलिस ने मौके से दो युवकों को पकड़ा, जिनके पास से करीब 300 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पकड़े गए युवकों ने अपना नाम राहुल सिंह और गुरुनायक सिंह बताया। पूछताछ में उन्होंने कबूल किया कि यह चाय की दुकान ‘वंश भाई’ की है और वही उन्हें गांजा बेचने के लिए मजबूर करता है। आरोप है कि वंश नाम का व्यक्ति इन दोनों नाबालिग लड़कों से अवैध गांजा बिकवाता है।
पुलिस ने दोनों युवकों को पीआरबी गाड़ी से बख्शी का तालाब थाने ले जाया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सूत्रों के अनुसार, यह चाय की दुकान देर रात तक खुली रहती है और यहीं से गांजे की बिक्री होती है। थाने में तैनात एक दरोगा की संलिप्तता पर भी शक जताया जा रहा है।
मामले की पुष्टि के लिए साक्ष्य के रूप में वीडियो भी उपलब्ध है। स्थानीय लोग पुलिस से मुख्य आरोपी वंश और संलिप्त अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि क्षेत्र में नशे के इस कारोबार पर लगाम लग सके। पुलिस जांच जारी है।





