
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बीकेटी, लखनऊ: बीकेटी तहसील के लेखपाल संतोष सिंह पर उस समय जानलेवा हमला हो गया जब वह तहसील दिवस में शामिल होने जा रहे थे। यह सनसनीखेज घटना इटौंजा थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव की है, जहां गांव के दबंगों ने पहले से घात लगाकर लेखपाल की कार पर ईंट-पत्थर बरसाए और कार रुकते ही धारदार हथियारों और बांके से हमला कर दिया।
लेखपाल, भाई और बेटे पर भी हमला
हमले में लेखपाल संतोष सिंह के साथ उनके भाई और बेटे को भी निशाना बनाया गया। तीनों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। बताया जा रहा है कि हमला गांव के दबंग विनायक सिंह ने अपने करीब एक दर्जन साथियों के साथ मिलकर किया।
स्थानीय लोगों ने बचाई जान, अस्पताल में भर्ती
घायल लेखपाल और उनके परिजनों को स्थानीय लोगों की मदद से बीकेटी के रामसागर मिश्रा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। स्थिति गंभीर बनी हुई है।
तहसील प्रशासन में हड़कंप, सुरक्षा पर सवाल
इस हमले के बाद तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है। एक सरकारी कर्मचारी पर इस तरह दिनदहाड़े हमला होना प्रशासनिक सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
पुलिस जांच में जुटी, FIR दर्ज
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। इटौंजा थाने में हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
गांव में तनाव, अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है, जिसे देखते हुए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।





