
रिपोर्ट: सुनील जायसवाल मनोज कांबोज
थाना बिहारीगढ़ क्षेत्र के कुरड़ी खेड़ा गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दबंग भूमाफियाओं ने पैरालाइज पीड़ित मदन कुमार के बेटे पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में दांती और पत्थरों का प्रयोग किया गया, जिससे पीड़ित गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह घटना उस वक्त हुई जब भूमाफिया पीड़ित परिवार की पुश्तैनी ज़मीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। हैरान करने वाली बात यह है कि मौके पर राजस्व विभाग के कानूनगो बाबूराम भी मौजूद थे। पीड़ित परिवार का आरोप है कि बाबूराम ने भूमाफियाओं से पैसे लेकर उनका साथ दिया, और बिना किसी वैध नोटिस व कानूनी प्रक्रिया के ज़मीन पर कब्जा करवाने का प्रयास किया।
परिवार ने इस संबंध में उप जिलाधिकारी बेहट को शिकायत दी है और मामले की निष्पक्ष जांच के साथ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
घटना ने प्रशासनिक तंत्र पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि यदि राजस्व कर्मी ही धन के लालच में गरीबों की जमीनों को कब्जा करने में मदद करेंगे, तो आम जनता कहां जाएगी?
स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं – क्या योगी सरकार में गरीबों की पुश्तैनी जमीनें सुरक्षित नहीं हैं?
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब निगाहें प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।




