
गोपालगंज: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के दिन गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया गांव में एक दलित परिवार पर हमला किया गया। पीड़ितों का कहना है कि वे मतदान केंद्र से वोट डालकर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें घेर लिया और भाजपा को वोट देने का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी।
तीन लोग घायल, अस्पताल में कराया गया इलाज
हमले में मानेश राम और उनके परिवार के दो सदस्य घायल हो गए। घायलों को गोपालगंज सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पीड़ित परिवार ने पुलिस को जिन लोगों के नाम बताए हैं, उनमें अखिलेश यादव और विशाल यादव शामिल हैं। घटना के बाद परिवार दहशत में है और घर से बाहर निकलने से डर रहा है।
कई इलाकों में तनाव, अलग-अलग शिकायतें दर्ज
एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि जिले में ऐसी कई घटनाओं की जानकारी मिली है। बैकुंठपुर के बंगरा गांव, महम्मदपुर के देवकुली और सिधवलिया के बुचेया में हमले की शिकायतें दर्ज की गई हैं। कुछ मामलों में आरोप है कि आरजेडी समर्थकों ने भाजपा वोटरों पर हमला किया। अधिकारी ने कहा कि घायलों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जांच के बाद मुकदमा दायर किया जाएगा।
भाजपा प्रत्याशी ने आरजेडी विधायक पर साधा निशाना
भाजपा उम्मीदवार मिथिलेश तिवारी देर शाम अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की। उन्होंने आरजेडी के मौजूदा विधायक प्रेम शंकर यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि “हार की आशंका से उनके समर्थक बौखला गए हैं और भाजपा समर्थकों को निशाना बना रहे हैं।” तिवारी ने प्रशासन से 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की और चेतावनी दी कि कार्रवाई न होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इलाके में भारी पुलिस बल तैनात, शांति की अपील
घटना के बाद बैकुंठपुर, सिधवलिया और महम्मदपुर थानों की पुलिस टीमों को गांव-गांव गश्त के लिए भेजा गया है। एसपी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देश दिया है कि किसी भी अफवाह पर तुरंत कार्रवाई करें। प्रशासन ने जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है।
मतदान के दौरान माहौल शांतिपूर्ण रहा था, लेकिन बाद की घटनाओं ने राजनीतिक तनाव को बढ़ा दिया है। दोनों दलों के समर्थक एक-दूसरे पर हमले के आरोप लगा रहे हैं, वहीं पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।



