
- रिपोर्ट: आलम अंसारी, हापुड़
हापुड़/सिम्भावली। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा कसता जा रहा है। सिम्भावली थाना पुलिस ने बीते 48 घंटों में दूसरी बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए ₹25,000 के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है।
गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्राधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि उक्त बदमाश गैंगस्टर एक्ट में वांछित था और लंबे समय से फरार चल रहा था। जैसे ही पुलिस को सूचना मिली कि वह थाना क्षेत्र में घूम रहा है, थाना प्रभारी के नेतृत्व में चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान बदमाश से मुठभेड़ हो गई, जिसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल हो गया और उसे मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान शहजाद सैफी पुत्र बाबू खां, निवासी समर गार्डन कॉलोनी, खुशहाल नगर, गली नं-2, थाना लिसाड़ी गेट, मेरठ के रूप में हुई है।
बरामदगी:
एक अवैध असलहा
जिंदा व खोखा कारतूस
अपाचे मोटरसाइकिल
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि शहजाद एक शातिर अपराधी है, जो थाना गढ़मुक्तेश्वर से गैंगस्टर एक्ट में वांछित था। इसके खिलाफ हापुड़ और बुलंदशहर में चोरी, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट आदि के करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।





