
- रिपोर्ट: सत्या राय
गोरखपुर: बिछिया स्थित PAC कैंपस में महिला पुलिस रिक्रूट्स ने मंगलवार को जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गईं। सैकड़ों की संख्या में मौजूद महिला प्रशिक्षुओं ने बुनियादी सुविधाओं की भारी कमी को लेकर कैंपस प्रशासन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
प्रशिक्षु रिक्रूट्स का कहना है कि कैंपस में बिजली, पीने के पानी, नहाने और खाने जैसी जरूरी सुविधाओं का घोर अभाव है। लड़कियों ने बताया कि उन्हें खुले में नहाने को मजबूर होना पड़ता है, जिससे उनकी गरिमा और स्वास्थ्य दोनों पर असर पड़ रहा है।
गंदगी और अस्वच्छ माहौल के कारण कई महिला रिक्रूट्स बीमार पड़ चुकी हैं, लेकिन कैंपस में इलाज की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। रिक्रूट्स ने मांग की है कि जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान किया जाए, नहीं तो वे आंदोलन और तेज करेंगी।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और उच्चाधिकारियों द्वारा समाधान का आश्वासन भी दिया गया है।





