
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
राजधानी लखनऊ में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ने लगी है। परिवहन विभाग ने ट्रैफिक नियमों का बार-बार उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिन लोगों ने पांच या उससे अधिक बार नियम तोड़े, उनके खिलाफ सीधे कार्रवाई करते हुए 221 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। इसके साथ ही 4903 वाहनों के पंजीकरण रद्द कर दिए गए हैं। वहीं, 2000 से अधिक वाहन मालिकों और चालकों को नोटिस भेजे गए हैं।
यह कार्रवाई ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत लगे कैमरों की मदद से की गई, जिनसे नियम उल्लंघन की घटनाएं दर्ज हुईं। इसके बावजूद कई वाहन मालिकों ने बार-बार चालान भेजे जाने के बाद भी जुर्माना नहीं भरा।
लंबे समय से नियमों की अनदेखी के बाद आरटीओ प्रशासन ने लाइसेंस और पंजीकरण निलंबित करने का फैसला लिया।
ज्यादातर मामलों में वाहन चालकों ने बिना हेलमेट बाइक चलाई, ट्रिपल सवारी की, सिग्नल तोड़ा या फिर रॉन्ग साइड से वाहन चलाया। ऑटो और अन्य चारपहिया वाहनों के चालकों पर भी इसी तरह की कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को गंभीरता से लेते हुए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि हादसों में कमी लाई जा सके और यातायात व्यवस्था बेहतर हो सके।





