
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
भदोही में सड़क हादसे में दरोगा राजन बिंद की मौत अब रहस्य बनती जा रही है। इस हादसे के बाद कई ऐसे सवाल खड़े हो गए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस जांच से मिलने की उम्मीद है।
दरोगा राजन बिंद ने 13 जून को जौनपुर के एक होटल में पिंकी बिंद से गुपचुप तरीके से शादी की थी। लेकिन ये शादी कानूनी रूप से संदेह के घेरे में है, क्योंकि पिंकी पहले से शादीशुदा थी और उसने अपने पहले पति से तलाक नहीं लिया था।
राजन बिंद की मौत के बाद जब उनका शव घर लाया गया, तब पिंकी खुद को पत्नी बताकर शव के पास बैठी और फोटो खिंचवाने की मांग करने लगी, जिससे परिजन हैरान रह गए। इसके बाद से ही पूरे मामले पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही राजन को पिंकी के ससुराल पक्ष से धमकियां मिल रही थीं। इसके साथ ही राजन बुरी तरह से कर्ज में डूबते चले गए। उन्होंने शादी के बाद 15 लाख रुपये का लोन लिया था, और प्रयागराज में जमीन का बैनामा भी कराया गया था।
मामले का एक और चौंकाने वाला पहलू यह है कि पिंकी के पिता एक गैस एजेंसी में ड्राइवर थे, लेकिन अब बेटी कई करोड़ की संपत्ति की मालकिन बन गई है, जबकि राजन के परिवार वाले कर्ज में डूबे हुए हैं।
पुलिस ने इस पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है, और अब देखना होगा कि राजन बिंद की मौत सिर्फ एक हादसा थी या इसके पीछे कोई बड़ी साजिश छिपी हुई है।





