
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में जुमे की नमाज के बाद ‘आई लव मोहम्मद’ पोस्टर विवाद को लेकर भारी बवाल मच गया। इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (आईएमसी) प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के आवाहन पर सैकड़ों लोग इस्लामिया ग्राउंड में प्रदर्शन के लिए एकत्रित हुए, लेकिन स्थिति बेकाबू हो गई। कोतवाली थाना क्षेत्र के बिहारीपुर रोड पर ज्ञापन देने के इरादे से जुटी भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसके जवाब में पुलिस ने लाठीचार्ज और टियर गैस का सहारा लिया।
मौलाना तौकीर रजा ने ‘आई लव मोहम्मद’ पर टिप्पणियों के खिलाफ जुमे की नमाज के बाद शांतिपूर्ण प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट में ज्ञापन सौंपने का ऐलान किया था। नमाज खत्म होते ही लोग आला हजरत दरगाह और मौलाना के घर के बाहर पोस्टर लेकर इकट्ठा हो गए। नारेबाजी करते हुए वे इस्लामिया मैदान और खलील तिराहा की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर रोक लिया। भीड़ के जबरन आगे बढ़ने पर शरारती तत्वों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।
सीओ सिटी के नेतृत्व में पहुंची पुलिस फोर्स ने उपद्रवियों को दौड़ा-दौड़ा कर लाठियां भांजीं और टियर गैस के गोले छोड़े। लाठीचार्ज से भगदड़ मच गई और सड़क पर जूते-चप्पल बिखर गए। डीआईजी अजय साहनी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं और उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। शहर में फ्लैग मार्च किया गया और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। बरेली रेंज के चारों जिलों में हाई अलर्ट जारी है।




