
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बरेली: उत्तर प्रदेश के बरेली में बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी के पैतृक घर के बाहर शुक्रवार देर रात गोलीबारी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बरार ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। यह पहला मौका है जब विदेश में बैठे किसी गैंगस्टर ने यूपी में फायरिंग करवाकर दहशत फैलाने की कोशिश की है।
जानकारी के अनुसार, यह फायरिंग दिशा पाटनी की बहन और पूर्व आर्मी मेजर खुशबू पाटनी द्वारा वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज की आलोचना से जोड़ी जा रही है। गोल्डी बरार ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि यह हमला संत के अपमान का बदला लेने के लिए किया गया। बरेली के सिविल लाइंस स्थित विला नंबर 40 में पाटनी परिवार के घर के बाहर बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने 8-10 राउंड गोलियां चलाईं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
घटना के समय घर में दिशा के पिता, रिटायर्ड डीएसपी जगदीश सिंह पाटनी, उनकी मां और बहन खुशबू मौजूद थे। जगदीश पाटनी ने बताया कि फायरिंग से परिवार दहशत में आ गया, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। बरेली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच जांच टीमें गठित की हैं और सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। एसएसपी अनुराग आर्य ने परिवार को सुरक्षा का आश्वासन दिया है और गोल्डी बरार के नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।




