
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। कालोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या करने वाला मुख्य आरोपित और एक लाख रुपये का इनामी बदमाश बनारसी यादव मंगलवार देर रात एसटीएफ के साथ मुठभेड़ में मारा गया। यह मुठभेड़ चौबेपुर थाना क्षेत्र के जाल्हूपुर रिंग रोड पर बरियासनपुर के पास हुई। घटना के दौरान उसका एक साथी बाइक लेकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में जिले भर में अलर्ट जारी किया गया है। एसटीएफ इंस्पेक्टर अमित कुमार श्रीवास्तव और अनिल कुमार सिंह के अनुसार सूचना मिली थी कि दो बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बाइक से रिंग रोड की ओर जा रहे हैं।
टीम ने घेराबंदी की और बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया। इसी दौरान एक बदमाश ने एसटीएफ पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चली गोली बनारसी यादव को लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
घायल बदमाश को पं. दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके से दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए गए। मृत बदमाश की पहचान गाजीपुर के गौरहट निवासी बनारसी यादव के रूप में हुई।
गौरतलब है कि 21 अगस्त को सारनाथ थाना क्षेत्र के सिंहपुर-अरिहंत नगर कॉलोनी में सुबह करीब नौ बजे बाइक सवार तीन बदमाशों ने कालोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस हत्याकांड की साजिश गाजीपुर के कालोनाइजर जोगेंद्र यादव ने रची थी। वारदात को अंजाम देने वालों में अरविंद यादव, बनारसी यादव और विशाल शामिल थे। बाइक विशाल चला रहा था, जबकि अरविंद और बनारसी ने फायरिंग की थी।इस केस में बनारसी का सहयोगी और सेना का जवान अरविंद यादव एक माह पूर्व पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया जा चुका है। वहीं, बाइक चालक विशाल और फरारी में मदद करने वाले चंदन की पुलिस अब भी तलाश कर रही है।





