
- रिपोर्ट: सुरेश त्रिपाठी
बलरामपुर: विकास खंड तुलसीपुर के पूरनपुर गांव में 2023-24 में बने रिसोर्स कम्पोस्ट सेंटर (आरसी सेंटर) का निर्माण कार्य भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गया है। मात्र एक वर्ष बीतने के बाद ही यह केंद्र बदहाल और जर्जर हालत में पहुंच गया है। दीवारें और फर्श जगह-जगह से टूट गए हैं, जिससे निर्माण में मानकों और गुणवत्ता की जमकर अनदेखी का खुलासा हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की मिलीभगत से संबंधितों ने इस निर्माण में खूब ‘मलाई’ काटी। गुणवत्ता रहित सामग्री का उपयोग कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया। गांव में मुख्य रास्तों पर नालियों का गंदा पानी बह रहा है और खड़ंजा (पक्का रास्ता) गायब है, जिससे संक्रमण और बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
इस मामले में ग्राम पंचायत सचिव से जानकारी मांगने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि आरसी सेंटर के निर्माण में व्यापक स्तर पर भ्रष्टाचार हुआ है, जिसकी वजह से इतनी जल्दी इमारत खस्ता हाल हो गई।
अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या ऐसे भ्रष्टाचारियों – ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव – के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी? ग्रामीण जांच और सजा की मांग कर रहे हैं, ताकि सरकारी योजनाओं का पैसा सही जगह लगे और गांव का विकास हो सके। मामला सामने आने के बाद प्रशासन की नजर इस पर है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।


