
- रिपोर्ट: सुरेश त्रिपाठी
बलरामपुर जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। थाना रेहरा बाजार क्षेत्र के ग्राम सभा बसावन बनकट के मजरा व्यास कुआं में घर के सामने चारपाई पर 40 वर्षीय युवक का शव घायल अवस्था में पाया गया।
परिजनों के अनुसार युवक कल अपने एक दोस्त के साथ घर से निकला था। विगत रात करीब 11 बजे उसका शव घर के बाहर चारपाई पर पड़ा मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने इस घटना को हत्या बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में हड़कंप का माहौल बना हुआ है।




