
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
बलिया: बलिया की राजनीति इन दिनों तीखी बयानबाज़ी और आरोप-प्रत्यारोप के दौर से गुजर रही है। PWD अफसरों को लेकर राज्य मंत्री दयाशंकर सिंह के बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है, जिस पर अब बसपा विधायक उमाशंकर सिंह ने कड़ा पलटवार किया है।
विधायक उमाशंकर सिंह ने मंत्री पर हमला बोलते हुए कहा, “हम मंत्री जी के कारनामे उजागर करेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि दयाशंकर सिंह जानबूझकर रसड़ा क्षेत्र की विकास परियोजनाएं रुकवा रहे हैं, जिससे इलाके का विकास बाधित हो रहा है।
मुख्यमंत्री से की शिकायत
उमाशंकर सिंह ने यह भी दावा किया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की है। उनका कहना है कि एक मंत्री होने के बावजूद दयाशंकर सिंह राजनीतिक द्वेष के चलते अपने पद का दुरुपयोग कर रहे हैं और जनता के हितों को नजरअंदाज कर रहे हैं।
क्या है विवाद की जड़?
मामले की शुरुआत तब हुई जब मंत्री दयाशंकर सिंह ने PWD अधिकारियों को लेकर विवादित टिप्पणी की थी, जिसके बाद विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आने लगी। उमाशंकर सिंह ने इस बयान को न सिर्फ गैरजिम्मेदाराना बताया, बल्कि इसे जनविरोधी रवैया भी करार दिया।
बलिया में यह राजनीतिक खींचतान लगातार तेज होती जा रही है और आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है।





