
- रिपोर्ट: प्रतीक वार्ष्णेय
हाथरस: थाना हाथरस गेट क्षेत्र स्थित बागला इंटर कॉलेज गुरुवार को जंग का मैदान बन गया, जब छात्रों के दो गुटों के बीच जबरदस्त मारपीट हो गई। कॉलेज परिसर के अंदर शुरू हुई झड़प सड़क तक पहुंच गई, जहां दर्जनों छात्र एक-दूसरे पर बेल्ट, डंडों और पत्थरों से टूट पड़े। इस बवाल में कई छात्र घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12 बजे छात्रों के दो गुट, जिनमें बाहरी युवक भी शामिल थे, आपस में भिड़ गए। मारपीट इतनी भयावह थी कि एक पक्ष ने दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। बेल्ट और डंडों से लैस छात्र एक-दूसरे पर बेकाबू होकर हमला करते दिखे। हालात तब और बिगड़ गए जब पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे आसपास के लोग भी सहम गए।
सूचना पर तत्काल थाना हाथरस गेट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख अधिकांश उपद्रवी छात्र मौके से भाग निकले। पुलिस ने कॉलेज प्रशासन से पूछताछ की और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉलेज में छात्र गुटों के बीच विवाद कोई नया मामला नहीं है, आए दिन ऐसे झगड़े होते रहते हैं। गनीमत रही कि समय पर पुलिस पहुंच गई, वरना कोई बड़ी अनहोनी से इनकार नहीं किया जा सकता था।
पुलिस जांच में जुटी, कॉलेज प्रबंधन पर भी उठे सवाल
इस घटना ने कॉलेज प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। कॉलेज में बाहरी युवकों की मौजूदगी और छात्रों के हाथों में हथियारनुमा डंडे-बेल्ट सुरक्षा व्यवस्था पर सवालिया निशान हैं। पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।
(हाइलाइट्स)
- कॉलेज परिसर से सड़क तक फैला बवाल
- बेल्ट, डंडों और पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला
- कई छात्र घायल, पुलिस पहुंची मौके पर
- आए दिन होते हैं झगड़े, गंभीर घटना होते-होते टली





