
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या से बड़ी खबर सामने आई है, जहां अयोध्या के जिला कारागार से गंभीर आरोपों में बंद दो कैदी तन्हाई बैरक तोड़ फरार हो गए है। कैदियों के फरार होने से जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। बताया जा रहा है कि दोनों कैदी सूरज अग्रहरि और
शेर अली ने पहले तन्हाई बैरक की खिड़की को तोड़ा, फिर कंबल के सहारे जेल की ऊंची दीवाल फांद कर सुरक्षा को चुनौती देते हुए फरार हो गए। दोनों कैदियों की फरारी की सूचना सुबह गिनती के दौरान हुई।
अयोध्या के जिला कारागार जिला जेल में बंद दो कैदी फरार हो गए। जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। फरार कैदियों की पहचान गोलू अग्रहरि उर्फ सूरज अग्रहरी, निवासी अमेठी और शेर अली, निवासी सुल्तानपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों कैदी गंभीर मामलों में जेल में निरुद्ध थे।
गोलू अग्रहरि हत्या के प्रयास के मामले में जेल में बंद था, जबकि शेर अली बलात्कार के आरोप में न्यायिक हिरासत में था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों कैदियों ने तन्हाई के बैरक की दीवार तोड़ी और उसके बाद कंबल के सहारे जेल की बाउंड्री वॉल कूदकर फरार हो गए। कैदियों के फरार होने की सूचना मिलते ही जेल प्रशासन में अफरा-तफरी मच गई। तुरंत पुलिस और जेल प्रशासन की कई टीमें गठित की गईं और आसपास के इलाकों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। जिले की सीमाओं पर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी जेल एस.के. मैत्रीये मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है।
जेल की सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और लापरवाही के बिंदुओं की गहन जांच की जा रही है। प्रदेश सरकार ने जेल अधीक्षक,जेलर, डिप्टी जेलर, वाल्डेन सहित 6 लोगों को सस्पेंड किया है। फिलहाल फरार कैदियों की तलाश जारी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।





