
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या में सरयू नदी की स्वच्छता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। आज दिनांक 29 दिसंबर 2025 को सरयू नदी में शौचालय का मलबा और गंदा पानी डाले जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि इस घटना से जुड़ी तस्वीरों में दिन और तारीख स्पष्ट रूप से दर्ज है।
इस मामले को लेकर अयोध्या के सेवक रितेश मिश्रा ने नगर प्रशासन से हस्तक्षेप की अपील की है। उन्होंने अयोध्या के महापौर और नगर आयुक्त से गुहार लगाते हुए कहा है कि संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
रितेश मिश्रा का आरोप है कि कुछ लोग रोजाना सरयू नदी में गंदा पानी और शौचालय का कचरा डाल रहे हैं, जबकि सीवर व्यवस्था मौजूद होने के बावजूद उसका इस्तेमाल नहीं किया जा रहा। उनका कहना है कि इस तरह की लापरवाही से न केवल पवित्र सरयू नदी प्रदूषित हो रही है, बल्कि पर्यावरण और जनस्वास्थ्य पर भी गंभीर असर पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि सरयू नदी की पवित्रता और स्वच्छता को सुरक्षित रखा जा सके।





