
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या (बीकापुर) : लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में आज भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार एकता पदयात्रा निकाली। विधायक अमित सिंह चौहान के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता-समर्थक शामिल हुए।
पदयात्रा बीकापुर के वर्कशॉप चौराहा से शुरू होकर सावित्री मैरिज लॉन पर पहुंचकर संपन्न हुई। समापन स्थल पर आयोजित विशाल जनसभा में सरदार पटेल के जीवन, उनके देश को एक सूत्र में पिरोने के कार्य और राष्ट्र निर्माण में योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक अमित सिंह चौहान ने कहा, “सरदार पटेल ने 562 रियासतों को भारत में मिलाकर अखंड भारत का सपना साकार किया। आज उनकी 150वीं जयंती पर हम सब संकल्प लें कि उनके दिखाए मार्ग पर चलते हुए देश को और मजबूत बनाएंगे।”

भाजपा के अन्य वक्ताओं ने भी सरदार पटेल के योगदान की चर्चा करते हुए अप्रत्यक्ष रूप से विपक्ष पर निशाना साधा। नेताओं ने कहा कि कुछ लोग आज भी देश को बांटने की राजनीति कर रहे हैं, जबकि भाजपा सरदार पटेल के एकता के विचार को आगे बढ़ा रही है।

पदयात्रा में उमड़ी भीड़ और कार्यकर्ताओं का जोश बीकापुर क्षेत्र में भाजपा की मजबूत पकड़ को दर्शाता नजर आया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की और राष्ट्र एकता की शपथ ली।




