
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में पशु चिकित्सालयों की बदहाल स्थिति और गोवंश की दुर्दशा को लेकर सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने योगी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा, “जब प्रदेश का मुख्यमंत्री साधु हो, बैरागी हो, योगी हो, ऐसे वक्त में हमारी गौ माता के साथ दुर्दशा हो रही है, जो चिंता का विषय है और सरकार पर कलंक है।”

लंपी वायरस और गोवंश की दुर्दशा पर सवाल
सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने अयोध्या के पशु चिकित्सालयों की जर्जर स्थिति और गोवंश को प्रभावित कर रहे लंपी वायरस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा का दावा करने वाली सरकार गोशालाओं और पशु चिकित्सालयों की उपेक्षा कर रही है, जिससे गोवंश की हालत दयनीय हो गई है।

कांग्रेस नेता पंकज सिंह का तंज
कांग्रेस नेता पंकज सिंह ने भी इस मुद्दे पर योगी सरकार की नीयत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “गाय हिंदू समाज में परम पूजनीय मानी जाती है, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) गाय के नाम पर सिर्फ राजनीति करती है। गौवंश की बेहतरी के लिए वह कोई ठोस कदम नहीं उठाना चाहती।” पंकज सिंह ने तंज कसते हुए कहा, “अब तो आप लोहे की तलवार भूल जाइए, जाति-बिरादरी की एक तलवार बना लीजिए, गाय और धर्म को पकड़ लीजिए, और सरकार बना लीजिए।”

गोवंश की स्थिति पर बढ़ता विवाद
अयोध्या में गोवंश की दुर्दशा और लंपी वायरस के बढ़ते मामलों ने विपक्ष को सरकार पर हमला करने का मौका दिया है। सपा और कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि योगी सरकार गौ रक्षा के नाम पर केवल दिखावा कर रही है, जबकि गोशालाओं और पशु चिकित्सालयों में सुविधाओं का अभाव साफ दिखाई देता है। इस मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज हो गई है, और विपक्ष ने सरकार से गोवंश की सुरक्षा के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।



