
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ समाजवादी नेता आजम खान की 23 महीने की लंबी जेल यात्रा के बाद रिहाई पर अयोध्या में खुशी की लहर दौड़ गई। इस मौके पर समाजवादी पार्टी (सपा) के अयोध्या जिला अध्यक्ष पारसनाथ यादव ने फैजाबाद कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं के बीच जाकर लड्डू बांटे और अपनी प्रसन्नता का इजहार किया।
पारसनाथ यादव ने कहा कि आजम खान साहब कई बार विधायक रह चुके हैं, मंत्री के रूप में सेवा की है और समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। लेकिन उनके ऊपर बकरी चोरी और एक पुस्तक चोरी जैसे मामूली मुकदमों के बहाने जेल भेजा जाना पूरे देश ने देखा है। सभी लोग समझते हैं कि यह राजनीतिक साजिश थी। उन्होंने कहा, “आज अधिवक्ताओं के बीच लड्डू बांटने का मकसद यही है कि इन्होंने ही आजम साहब को न्याय दिलाया। इसलिए इनकी मेहनत का सम्मान करते हुए हम सब लड्डू बांटकर खुशी मना रहे हैं।”
यह घटना आजम खान की रिहाई के ठीक एक दिन बाद हुई, जब सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी उनकी रिहाई पर खुशी जताते हुए कहा कि सपा सरकार बनने पर सभी झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे। आजम खान को सीतापुर जेल से मंगलवार को रिहा किया गया था, जहां उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। रिहाई के बाद आजम ने कहा कि वे सबसे पहले अपना इलाज करवाएंगे और सभी दुआ करने वालों का शुक्रिया अदा किया।



