
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कोतवाली अयोध्या पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में कार सवार यात्री के अपहरण के बाद हत्या कर शव छिपाने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
यह सनसनीखेज मामला नवंबर 2024 का है, जब मानव नगर कॉलोनी निवासी अजीत गुप्ता घर से सवारी लेकर निकले और फिर कभी वापस नहीं लौटे।
पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी के बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि अभियुक्तों ने योजनाबद्ध तरीके से मृतक की स्वीफ्ट डिजायर कार बुक कराई, उसे अयोध्या से गोरखपुर ले जाकर गला कसकर हत्या कर दी, फिर मृतक से सोने की चेन, अंगूठी और कार लूट ली।
हत्या के बाद शव को बिहार के मुजफ्फरपुर क्षेत्र में फेंक दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अयोध्या के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने 15 जनवरी 2026 को अवध बिहारी का पुरवा क्षेत्र से चारों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने
✔️ हत्या में प्रयुक्त कत्थई रंग का मोफलर
✔️ लूटी गई स्वीफ्ट डिजायर कार (UP65CX1777)
को भी बरामद कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में विभव तिवारी उर्फ रौनक तिवारी, बलराम कुमार झा, किशोरी शास्त्री उर्फ किशोरी कुमार दास और विशाल पांडेय शामिल हैं। एक अन्य अभियुक्त अनमोल मिश्रा अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद अभियुक्त लगातार अपने मोबाइल नंबर और लोकेशन बदलकर अलग-अलग शहरों में छिपे हुए थे, लेकिन तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना से पुलिस ने पूरे मामले का सफल अनावरण कर दिया। इस बड़ी कार्रवाई में कोतवाली पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और स्वाट टीम की अहम भूमिका रही।
👉 अयोध्या पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अपराधी चाहे कितने भी शातिर क्यों न हों, कानून से बच नहीं सकते।





