
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब 20 जुलाई को अयोध्या में पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक (पीडीए) महापंचायत का आयोजन करने जा रही है। सपा सांसद अवधेश प्रसाद ने जिले के वरिष्ठ नेताओं के साथ सर्किट हाउस में बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की।
सांसद अवधेश प्रसाद ने जानकारी दी कि 30 जून को सपा के जिला कार्यालय में एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विधानसभा और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारी शामिल होंगे। इस बैठक में यह तय किया जाएगा कि महापंचायत कहां आयोजित होगी और उसका स्वरूप कैसा रहेगा।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पहले से ही चुनाव की तैयारियों में जुटी हुई है और उसके कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर समय जनता की समस्याओं को लेकर सक्रिय रहते हैं।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए सांसद ने कहा कि जब से भाजपा की सरकार आई है, कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटियों पर अत्याचार बढ़े हैं और ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ का नारा एक छलावा बन कर रह गया है।




