
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं प्रखर राष्ट्रवादी नेता अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर अयोध्या जनपद में श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अयोध्या जिला पंचायत भवन परिसर में स्थापित अटल बिहारी वाजपेई की प्रतिमा पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने अटल बिहारी वाजपेई के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि एक संवेदनशील कवि, ओजस्वी वक्ता और राष्ट्र को नई दिशा देने वाले दूरदर्शी नेता भी थे।

उन्होंने देश की राजनीति में शुचिता, संवाद और सहमति की परंपरा को मजबूत किया। उनके द्वारा किए गए विकास कार्य और राष्ट्रहित में लिए गए निर्णय आज भी प्रेरणा का स्रोत हैं। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने अटल बिहारी वाजपेई के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और उनके बताए मार्ग पर देश सेवा करने का आह्वान किया।





