
- रिपोर्ट: अमित कुमार
राम नगरी अयोध्या में गौ माता पर आधारित फिल्म ‘गोदान’ का पोस्टर रिलीज किया गया। पोस्टर का अनावरण राम मंदिर ट्रस्ट एवं श्रीकृष्ण जन्मभूमि न्यास के अध्यक्ष महंत गोपाल दास ने अपने आवास पर किया। इस अवसर पर फिल्म निर्माता विनोद चौधरी भी अयोध्या में मौजूद रहे।
फिल्म निर्माता विनोद चौधरी ने बताया कि यह फिल्म गाय की बछिया सुरभि, जो समुद्र मंथन से प्राप्त हुई थी, से जुड़े वैज्ञानिक तथ्यों पर आधारित है। फिल्म का निर्माण गौ जन-जागरण के उद्देश्य से किया गया है, ताकि भारतीय संस्कृति में गाय की उपयोगिता और महत्व को समाज के सामने प्रस्तुत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गाय को पूजनीय माना गया है और यह कामना की गई है कि हर घर में गौ वंश का संरक्षण हो। लेकिन वर्तमान समय में युवा पीढ़ी भारतीय संस्कृति में गाय के महत्व को धीरे-धीरे भूलती जा रही है। इसी सोच को बदलने और जन-जन तक गौ माता का सम्मान पहुंचाने के उद्देश्य से इस फिल्म का निर्माण किया गया है।
करीब 2 घंटे 10 मिनट की इस फिल्म को 6 फरवरी को एक साथ पूरे देश के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। फिल्म का उद्देश्य है कि यह अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे, लोग इसके संवर्धन में सहयोग करें और गाय के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना को मजबूत करें।





