
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: अयोध्या शहर के साहबगंज स्थित राम जानकी मंदिर में सुंदरकांड पाठ पर रोक लगाने को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने जिला प्रशासन पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
बता दें कि मंदिर को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा है, जिसके चलते अदालत ने मंदिर पर रिसीवर नियुक्त किया है। वर्तमान में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश मिश्रा को रिसीवर बनाया गया है।

इस मामले में सिटी मजिस्ट्रेट राजेश मिश्रा ने स्पष्ट किया कि पूजा-पाठ और सुंदरकांड पाठ पर किसी तरह की कोई रोक नहीं है। लेकिन हाल ही में पूजा-पाठ की आड़ में मंदिर पर कब्जे की कोशिश की गई थी। उन्होंने बताया कि पत्थर तोड़कर मंदिर परिसर में गिट्टी डाली गई, जो नियमों और कोर्ट के आदेश का उल्लंघन है।

राजेश मिश्रा ने कहा कि यदि कोई भी व्यक्ति मंदिर पर कब्जा करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कोर्ट के आदेश के तहत कार्रवाई की जाएगी। पूजा-पाठ की अनुमति पहले की तरह जारी है, लेकिन अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।





