
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी महाकाल सेवा संस्थान के संचालक अनिल सिंह एवं उनकी टीम द्वारा लावारिस शवों की अस्थियों का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। आज प्रातः 10:30 बजे गुप्तार घाट पर पंडित रमेश शास्त्री जी महाराज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ अस्थि कलश पूजन संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर वर्ष 2025 में 160 लावारिस शवों के अंतिम संस्कार के उपरांत एकत्रित की गई अस्थियों का गुप्तार घाट, सरयू नदी में विधिपूर्वक विसर्जन किया गया। वहीं वर्ष 2024 में जिन-जिन लावारिस शवों का अंतिम संस्कार महाकाल सेवा संस्थान द्वारा किया गया था, उनकी अस्थियों का भी हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विधिवत विसर्जन कराया गया।
इस पुनीत कार्य में पंडित रमेश शास्त्री, मनाल सिंह, अनिल सिंह सहित महाकाल सेवा संस्थान के सभी सदस्य उपस्थित रहे। संस्था की ओर से आम नागरिकों, समाजसेवियों एवं प्रशासन से विनम्र अपील की गई कि लावारिस शवों के अंतिम संस्कार हेतु अधिक से अधिक सहयोग प्रदान करें, ताकि हिंदू एवं मुस्लिम रीति-रिवाजों के अनुसार लावारिस शवों की अंतिम क्रिया विधि-विधान से सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।
महाकाल सेवा संस्थान का यह कार्य मानवता, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की एक प्रेरणादायक मिसाल है।




