
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या धाम में दशहरा उत्सव के दौरान दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन का समय चल रहा था, तभी एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में सनेशन फैला दिया। कोतवाली अयोध्या क्षेत्र के रामघाट चौराहे पर गुरुवार रात करीब नौ बजे भाजपा के पूर्व पार्षद आलोक कुमार सिंह (30) पर उनके ही व्यवसायिक पार्टनर ने गोली चला दी। गोलीबारी में आलोक सिंह को सिर और कंधे में दो गोलियां लगीं, जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई।
घटना उस समय हुई जब आलोक सिंह अपने पार्टनर के साथ प्रॉपर्टी डीलिंग को लेकर बातचीत कर रहे थे। प्रॉपर्टी विवाद के चलते गुस्साए पार्टनर ने अचानक उन पर नजदीक से फायरिंग कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आलोक सिंह जान बचाने के लिए भागे, लेकिन हमलावर ने उन्हें दौड़ाकर गोली मार दी, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। आलोक सिंह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम भी करते हैं और भाजपा से जुड़े युवा कार्यकर्ता हैं।
घायल आलोक सिंह को तत्काल श्रीराम चिकित्सालय ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें दर्शन नगर मेडिकल कॉलेज (दशरथ मेडिकल कॉलेज) रेफर कर दिया। उनकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। घटनास्थल पर मौजूद भीड़ ने गोली चलाने वाले आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल, अयोध्या पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, यह घटना पूरी तरह से प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ी हुई लग रही है। रामघाट चौराहे पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और इलाके में तनाव का माहौल है। अयोध्या जैसे संवेदनशील शहर में हुई इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भाजपा नेता पर हमले को राजनीतिक कोण से भी देखा जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक कोई राजनीतिक साजिश का खुलासा नहीं किया है।
अधिक जानकारी के लिए जांच जारी है।




