
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या के वरिष्ठ संत और पूर्व सांसद डॉ. रामविलास दास वेदांती को आज अंतिम विदाई दी जाएगी। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में रामकथा के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान सोमवार को उनका निधन हो गया।
देर रात डॉ. रामविलास दास वेदांती का पार्थिव शरीर अयोध्या स्थित उनके आवास हिंदू धाम लाया गया। यहां पार्थिव शरीर को हिंदू धाम परिसर में दर्शनार्थ रखा गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संत और अनुयायी अंतिम दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, आज उनके पार्थिव शरीर को नगर भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद हनुमानगढ़ी और राम जन्मभूमि में दर्शन के उपरांत सरयू नदी के तट पर अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी डॉ. रामविलास दास वेदांती के निधन पर श्रद्धांजलि देने अयोध्या पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के लगभग दोपहर 12 बजे अयोध्या पहुंचने की संभावना है, जबकि करीब 3 बजे सरयू तट पर अंतिम संस्कार संपन्न होगा।
डॉ. रामविलास दास वेदांती के निधन से अयोध्या में शोक की लहर है। संत समाज ने इसे अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुख व्यक्त किया है।


