
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां सरकारी महिला अस्पताल अब दलालों का अड्डा बनता नजर आ रहा है।
बताया जा रहा है कि अस्पताल परिसर में सक्रिय दलाल मरीजों और उनके परिजनों को निशाना बना रहे हैं।
ये दलाल पहले मरीजों को सरकारी अस्पताल की सुविधाओं को लेकर डराते हैं और फिर उन्हें बहला-फुसलाकर प्राइवेट अस्पतालों की ओर मोड़ देते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह खेल लंबे समय से चल रहा है और इसमें कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
मरीजों के परिजनों का कहना है कि इलाज के नाम पर उन्हें गुमराह किया जाता है और महंगे निजी अस्पतालों में भेज दिया जाता है, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ता है।
हम लोग इलाज के लिए सरकारी अस्पताल आए थे, लेकिन यहां कुछ लोगों ने हमें डराकर प्राइवेट अस्पताल भेज दिया, जहां हमसे ज्यादा पैसे वसूले गए।
इस पूरे मामले को लेकर अब स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
फिलहाल बड़ा सवाल यह है कि क्या स्वास्थ्य विभाग इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करेगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी या फिर मरीजों का शोषण यूं ही जारी रहेगा।




