
- वरिष्ठ संवाददाता: राजीव आनन्द
लखनऊ के थाना गोमतीनगर क्षेत्र अंतर्गत पत्रकार पुरम पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा मनीष मिश्रा एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। दरोगा का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उनके द्वारा एक गरीब बाटी-चोखा विक्रेता से कथित रूप से धमकी और पैसे की मांग की बात सामने आई है।
आरोप है कि दरोगा मनीष मिश्रा ने उस गरीब दुकानदार से “मनमाफिक लाभ” न मिलने पर न केवल उसे धमकाया, बल्कि नगर निगम की टीम बुलवाकर उसका ठेला भी तुड़वा दिया। पीड़ित दुकानदार का कहना है कि वह मेहनत-मजदूरी करके पेट पालता है और पुलिस की इस तरह की दबंगई ने उसके रोजगार को छीन लिया।
यह पहला मामला नहीं है। आरोपों के मुताबिक, दरोगा मनीष मिश्रा पहले भी एक महिला दुकानदार के पति को थर्ड डिग्री देकर प्रताड़ित कर चुके हैं। महिला ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए कहा था कि पुलिस चौकी में दबाव डालकर अवैध वसूली की जाती है।
अब सवाल यह उठता है कि आखिर दरोगा मनीष मिश्रा को किसका संरक्षण प्राप्त है, जो शिकायतों के बावजूद उनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है? स्थानीय लोगों और पीड़ितों ने डीसीपी पूर्वी से तत्काल जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस महकमे की छवि धूमिल करने वाले ऐसे मामलों पर यदि शीघ्र संज्ञान न लिया गया, तो आम जनता का भरोसा कानून व्यवस्था पर से उठता चला जाएगा।





