
- रिपोर्ट: विक्रांत चौधरी
अलीगढ़: अतरौली कोतवाली क्षेत्र में पुलिस और फौजियों के बीच हुआ टकराव अब तूल पकड़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि कस्बा चौकी इंचार्ज संदीप सिंह और दरोगा सत्य प्रकाश के साथ दो फौजियों की मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दरअसल, कुछ दिन पहले अतरौली पुलिस द्वारा एक युवक को मारते और घसीटते हुए ले जाने का वीडियो वायरल हुआ था। उसी युवक के बीच बचाव में उतरे दोनों फौजी भाइयों और पुलिसकर्मियों के बीच हाथापाई हो गई। इस दौरान फौजी और पुलिसकर्मी दोनों ही घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही अतरौली पुलिस ने दोनों फौजियों को गिरफ्तार कर लिया, जिसके बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सैकड़ों की संख्या में लोग कोतवाली पहुंचकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। ग्रामीणों के साथ-साथ सेना के जवान और आर्मी पुलिस फोर्स कमांडर भी फौजियों के समर्थन में पहुंच गए। स्थिति बिगड़ती देख आलाधिकारी मौके पर पहुंचे।
ये मंजर बेहद भावुक कर देने वाला रहा, जब सरहद की रक्षा करने वाले फौजी और कानून-व्यवस्था संभालने वाली पुलिस आमने-सामने खड़े नजर आए।





