
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार को भिक्षावृत्ति रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान रेलवे सुरक्षा बल वाराणसी की टीम और स्माइल परियोजना के सहयोग से संचालित किया गया। अभियान में सहायक उप निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार यादव, हेड कांस्टेबल रमेश गौतम, हेड कांस्टेबल संजय, महिला कांस्टेबल सोनिया तथा आरपीएफ की क्यूआरटी टीम ने संयुक्त रूप से स्टेशन परिसर में जांच अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और बुकिंग हाल में भिक्षावृत्ति करने वाले लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान कुल 35 भिक्षावृत्ति करने वाले लोगों को पकड़ा गया, जिनमें 29 पुरुष और 6 महिलाएं शामिल हैं। पकड़े गए सभी लोगों को आगे की कार्रवाई और पुनर्वास की प्रक्रिया के लिए अपना घर आश्रम के महिला प्रकोष्ठ की प्रभारी पूजा श्रीवास्तव को सौंप दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के अभियान का मुख्य उद्देश्य स्टेशन परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना है, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और उनकी यात्रा सुखद बनी रहे। साथ ही भिक्षावृत्ति में लिप्त लोगों को पुनर्वास की दिशा में जोड़कर उनके जीवन को बेहतर बनाने का प्रयास भी किया जा रहा है।
रेलवे सुरक्षा बल के अनुसार, स्टेशन परिसर में भिक्षावृत्ति की समस्या को समाप्त करने और जरूरतमंद लोगों को पुनर्वास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए इस तरह के संयुक्त अभियान समय-समय पर चलाए जाते रहेंगे।



