
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। योगी सरकार ने अयोध्या को खेल के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात दी है। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस भीमराव अंबेडकर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम अब पूरी तरह से तैयार हो गया है। इसी मैदान पर 9 नवंबर से 26 नवंबर तक अयोध्या प्रीमियर लीग (APL) का पहला सीजन आयोजित किया जाएगा।
यह टूर्नामेंट टी-20 फॉर्मेट में खेला जाएगा, जिसकी निगरानी उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) करेगा। प्रतियोगिता में कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी — सरयू, गंगा, जमुना, बेतवा, हिंडन, चंबल, गोमती और मनोरमा। इन टीमों के नाम उत्तर प्रदेश की प्रमुख नदियों पर रखे गए हैं, जो प्रदेश की संस्कृति और विरासत को दर्शाते हैं।
खिलाड़ियों का चयन UPCA के अनुभवी चयनकर्ताओं द्वारा ट्रायल के माध्यम से किया गया है। हर टीम में 16 खिलाड़ी होंगे — जिनमें 11 खिलाड़ी अयोध्या मंडल से और 5 अतिथि खिलाड़ी अन्य जिलों से होंगे।
- टूर्नामेंट में कुल 29 मुकाबले खेले जाएंगे, जो कलर ड्रेस और सफेद गेंद से खेले जाएंगे।
- विजेता टीम को 11 लाख रुपये और उपविजेता टीम को 5.5 लाख रुपये की इनामी राशि दी जाएगी।
खेल प्रेमियों में इस आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। माना जा रहा है कि अयोध्या प्रीमियर लीग प्रदेश के उभरते क्रिकेटरों के लिए एक शानदार मंच साबित होगी।



