
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे ने तराई क्षेत्र में महराजगंज जनपद के आनन्द नगर–घुघुली नई रेल लाइन निर्माण परियोजना का कार्य आरम्भ कर दिया है। इस परियोजना के प्रथम चरण में घुघुली से महराजगंज तक की नई रेल लाइन के टेंडर अवार्ड किए जा चुके हैं, जबकि द्वितीय चरण में महराजगंज से आनन्द नगर तक के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। आनन्द नगर यार्ड के रिमॉडलिंग का कार्य भी प्रगति पर है। नई रेल लाइन के लिए आवश्यक 244 हेक्टेयर भूमि अधिगृहीत की जा चुकी है और कुल लंबाई 51.3 किमी निर्धारित की गई है। परियोजना में 25 बड़े पुल, 8 छोटे पुल और 44 सड़क अंडरपास/सीमित ऊँचाई वाले सब-वे बनाए जाने हैं। फिलहाल 6 सब-वे और 20,000 घनमीटर मिट्टी का कार्य पूरा हो चुका है।
आनन्द नगर–घुघुली रेल लाइन पर 5 हल्ट स्टेशन—पिपरा, मुन्दारी, शिकारपुर, पकरी नौनिया और परसिया बुजुर्ग—निर्मित किए जाएंगे। आनन्द नगर स्टेशन यार्ड और महराजगंज स्टेशन बिल्डिंग का निर्माण भी शुरू हो गया है।
इस नई रेल लाइन से महराजगंज जिला मुख्यालय पहली बार रेल मार्ग से जुड़ जाएगा। यात्रा दूरी 307 किमी. से घटकर 265 किमी. होगी, जिससे समय की बचत और गोण्डा–गोरखपुर खंड पर रेल यातायात का दबाव कम होगा। लाइन विद्युतीकृत होगी और न केवल हिमालय की तलहटी के लोगों, बल्कि पड़ोसी देश नेपाल के यात्रियों और उद्योगों को भी लाभ मिलेगा। रेल परियोजना से क्षेत्र के कृषि उद्योग, सीमेंट, खाद, कोयला और अनाजों के ढुलाई में सुविधा बढ़ेगी और आर्थिक विकास को नई दिशा मिलेगी। इसे दो चरणों में पूरा किया जाएगा—प्रथम चरण: घुघुली–महराजगंज, द्वितीय चरण: महराजगंज–आनन्द नगर।




