
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज बिहार के खगड़िया और मुंगेर पहुंचे, जहां उन्होंने एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाओं को संबोधित किया।
खगड़िया में महागठबंधन पर करारा वार
खगड़िया के JNKT इंटर स्कूल मैदान में आयोजित सभा में अमित शाह ने महागठबंधन, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर गलती से भी बिहार में लालू-तेजस्वी की सरकार बन गई, तो राज्य में फिर से जंगलराज लौट आएगा। शाह ने चेतावनी दी कि उस स्थिति में अपहरण, लूट, हत्या और फिरौती जैसी घटनाएं फिर से बढ़ेंगी, और लोग शाम के बाद घर से निकलने से डरेंगे।
उन्होंने कहा कि अगर एनडीए सरकार बनती है, तो बिहार विकास की राह पर आगे बढ़ेगा। शाह ने खगड़िया की चारों सीटों से एनडीए प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा, “आप तय करें — बिहार को 2005 से पहले वाला जंगलराज बनाना है या विकास के रास्ते पर ले जाना है।”
मुंगेर में ‘वंशवाद बनाम विकास’ की लड़ाई का संदेश
बाद में शाह मुंगेर के नौआगढ़ी मैदान में आयोजित एनडीए की विशाल जनसभा में पहुंचे। यहां उन्होंने कहा कि 6 नवंबर को जनता यह तय करेगी कि बिहार में लालू-राबड़ी का जंगलराज लौटेगा या मोदी-नीतीश का विकासराज कायम रहेगा।
सभा में मुंगेर, जमालपुर और सूर्यगढ़ा विधानसभा के प्रत्याशी, मध्यप्रदेश के सांसद और कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे। शाह ने छठ पर्व की शुभकामनाएं देते हुए नारे लगाए — “भारत माता की जय” और “जय श्रीराम।”
उन्होंने कहा, “मोदी जी को बिहार के गरीबों और युवाओं की चिंता है, जबकि लालू अपने बेटे की और सोनिया-राहुल गांधी प्रधानमंत्री की कुर्सी की चिंता में हैं। ये वंशवाद की राजनीति करते हैं।”
‘भ्रष्टाचार मुक्त शासन बनाम घोटालों का युग’
शाह ने कहा कि लालू शासन में चारा घोटाला, आईआरसीटीसी घोटाला और जमीन के बदले नौकरी जैसे भ्रष्टाचार हुए, जबकि मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार मुक्त शासन दिया। उन्होंने कश्मीर से धारा 370 हटाने और आतंकवाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई को मोदी सरकार की बड़ी उपलब्धि बताया।
मुंगेर को विकास योजनाओं से जोड़ने का वादा
शाह ने कहा कि एनडीए सरकार आने पर उड़ान योजना के तहत मुंगेर को एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा, जिससे लोग मात्र ₹2500 में दिल्ली तक यात्रा कर सकेंगे। साथ ही मुंगेर को रामायण सर्किट से जोड़ने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि अयोध्या में राम मंदिर के बाद अब बिहार में ₹850 करोड़ की लागत से जानकी मंदिर का निर्माण हो रहा है और कष्टहरणी घाट, सीता चरण व सीता कुंड का भी विकास किया जाएगा।
अंत में शाह ने जनता से एनडीए प्रत्याशियों को जीताने का संकल्प दिलवाया और कहा कि “अगर बिहार में एनडीए सरकार बनी, तो राज्य में फिर से विकास और सुशासन का राज लौटेगा।”



