
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के भैदपुर गांव में तेंदुए के आतंक ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। गांव में घूमते तेंदुए का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि तेंदुआ अब तक आधा दर्जन ग्रामीणों पर हमला कर चुका है, जिससे कई लोग घायल हो गए हैं। मौके पर पहुंची वन विभाग और पुलिस की टीम पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया, हालांकि वाहन के शीशे बंद होने से पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए चीफ कंजर्वेटर समर कुमार खुद मौके पर पहुंचे और वन विभाग की टीम के साथ तेंदुए को पकड़ने का प्रयास शुरू कर दिया है।
गांव में भारी पुलिस बल, एसडीएम, तहसीलदार और वन विभाग की टीम तैनात है। ग्रामीणों के सहयोग से तेंदुए को पकड़ने की कोशिशें तेज़ कर दी गई हैं।
तेंदुए के हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है और लोग घरों में कैद होने को मजबूर हैं। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और टीम के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।





