
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
अमेठी: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में एक अनोखा मामला सामने आया है, जहां शादी के महज छह महीने बाद ही एक पति ने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया। यह घटना न केवल सामाजिक चर्चा का विषय बनी है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि प्रेम और विवाह के बीच की जटिलताएं कई बार अप्रत्याशित मोड़ ले सकती हैं।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर औद्योगिक क्षेत्र के रहने वाले शिव शंकर की शादी छह महीने पहले उमा के साथ हुई थी। लेकिन शादी के बाद भी उमा अपने पूर्व प्रेमी को भूल नहीं पाईं। जब इस बात का पता शिव शंकर को चला, तो उन्होंने पहले उमा को समझाने की कोशिश की। लेकिन उमा अपने प्रेमी के साथ ही रहने पर अड़ी रहीं और अपने प्रेम संबंध से पीछे हटने को तैयार नहीं हुईं। इससे दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया। शिव शंकर को यह डर भी सताने लगा कि कहीं विवाद बढ़कर गंभीर रूप न ले ले।
आखिरकार, हालात को देखते हुए शिव शंकर ने एक हैरान करने वाला फैसला लिया। आपसी सहमति के बाद उन्होंने उमा को उसके प्रेमी के साथ विदा करने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि यह विदाई जगदीशपुर के एक मंदिर में संपन्न हुई। वहां बाकायदा वरमाला और सिंदूर की रस्में पूरी की गईं, और उमा व उसके प्रेमी को सामाजिक रूप से पति-पत्नी के रूप में मान्यता दी गई।
यह घटना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। कुछ लोग शिव शंकर के इस फैसले को उनकी उदारता और समझदारी के रूप में देख रहे हैं, तो कुछ इसे सामाजिक परंपराओं के लिए चुनौती मान रहे हैं। यह मामला यह भी दर्शाता है कि आधुनिक समाज में रिश्तों की जटिलताएं और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के सवाल कितने गहरे हो सकते हैं।





