- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चोलापुर थाना क्षेत्र के चंदापुर चौकी अंतर्गत उदयपुर गांव में शुक्रवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के साथ तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर गांव में आक्रोश और तनाव की स्थिति बन गई। मामले की जानकारी मिलते ही सैकड़ो की संख्या में महिला व पुरुष मूर्ति के समीप जुट गए तथा आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर एसीपी सारनाथ विदुषी सक्सेना, थानाध्यक्ष चोलापुर दीपक कुमार मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाने बुझाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार उदयपुर निवासी अवधेश रतन पुत्र स्व. वेचन राम ने थाना चोलापुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि गांव में स्थापित भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा को कुछ मनबढ़ लोगों ने सामाजिक और धार्मिक तनाव फैलाने के उद्देश्य से क्षतिग्रस्त कर दिया। प्रार्थना पत्र में सिपक पुत्र गोरख राजभर, अमन पुत्र गोरख राजभर, दीपक पुत्र गोरख राजभर, रंजीत राजभर पुत्र भईयालाल राजभर, धर्मवीर पुत्र भईयालाल राजभर, रणवीर राजभर पुत्र भईयालाल राजभर, बहादुर राजभर पुत्र स्व. बड़डुल राजभर, अजय राजभर पुत्र बल्ली राजभर (तारापुर), किशन राजभर पुत्र अदालत राजभर, गोलू राजभर पुत्र अदालत राजभर, विष्णु राजभर पुत्र अदालत राजभर, विशाल राजभर पुत्र मनोज राजभर, अमन पुत्र दिलीप राजभर समेत 5 से 7 अन्य अज्ञात लोगों को आरोपी बताया गया है।
आरोप है कि उक्त लोगों द्वारा होली के दिन भी मंदिर परिसर में तोड़फोड़ और लोगों के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिससे गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। इस संबंध में थाना प्रभारी चोलापुर दीपक कुमार ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी भी बढ़ा दी गई है।



