
-शिकायत के बाद चलवाया गया बुलडोजर
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बड़ागांव इलाके में लाखों की सरकारी जमीन पर कब्जा करने वाले भू-माफियाओं पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
पिंडरा तहसील के कोईराजपुर गांव में रिंग रोड फेज दो के पास भूमाफियाओं द्वारा बेशकीमती बंजर भूमि पर रातों-रात खड़ी की गई बाउंड्री वॉल को शुक्रवार को बुलडोजर से ढहा दिया गया।
गाटा संख्या 645 (क) सरकारी अभिलेख में बंजर दर्ज है, जिस पर अवैध चहारदीवारी किए जाने की शिकायत ग्रामीणों ने फोन करके एसडीएम प्रतिभा मिश्रा से की थी।
शिकायत के बाद राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और निर्माण को अवैध पाया। शुक्रवार को कानूनगो भोला प्रसाद, लेखपाल आशीष कुमार और सीपी यादव टीम के साथ बुलडोजर लेकर पहुंचे।
काफी इंतजार के बाद भी कोई कब्जेदार सामने नहीं आया, जिसके बाद पूरी अवैध दीवार जमींदोज कर दी गई। ग्रामीणों में चर्चा है कि अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ मुकदमा क्यों नहीं दर्ज किया गया?
कानूनगो भोला प्रसाद ने हैरानी जताते हुए बताया कि ग्राम प्रधान द्वारा भी मामले में जानकारी न होने की बात कही गई है। यह भी बताया कि बंजर भूमि पर अवैध कब्जा किया गया था जिसे ध्वस्त करवा दिया गया है और मामले की जांच जारी है।




