
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। जनपद अयोध्या में फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने का गंभीर मामला सामने आया है। ककरही बाजार, रिकाबगंज निवासी भगौती प्रसाद ने मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र भेजकर नगर निगम अयोध्या द्वारा फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किए जाने का आरोप लगाया है और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, स्वर्गीय राम लखन के पुत्र राम लाल का निधन 2 मार्च 2022 को हुआ था। आरोप है कि कन्हैया लाल नामक व्यक्ति ने कथित रूप से कूट रचित दस्तावेजों के आधार पर नगर निगम अयोध्या से फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा लिया और अपने पिता का नाम बदलकर मेहक के स्थान पर बाले के नाम से प्रमाण पत्र जारी करा लिया।
शिकायतकर्ता का कहना है कि नगर निगम द्वारा जारी मृत्यु प्रमाण पत्र संख्या डी-2020:9-90479-001109, दिनांक 13 सितंबर 2020 में नामों में हेरफेर कर गलत तरीके से दस्तावेज तैयार किए गए हैं। उनका आरोप है कि वास्तविक वारिस के अधिकारों को प्रभावित करने के उद्देश्य से यह कृत्य किया गया है।
भगौती प्रसाद ने मुख्यमंत्री से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं और यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसे फर्जीवाड़े बढ़ सकते हैं।
फिलहाल इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज हो गई है और शिकायतकर्ता प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए हुए है।




