
- रिपोर्टर: विक्रांत प्रताप
अलीगढ़ के थाना सासनीगेट पुलिस ने तेज़ी से कार्रवाई करते हुए चोरी की बड़ी वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के एक बैग सहित कुल ₹4,49,000 नकद बरामद किए हैं। घटना 7 अगस्त 2025 की है, जब दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-11 निवासी संजीव अरोरा ने थाना सासनीगेट में शिकायत दर्ज कराई थी कि वे अलीगढ़ के तमोली पाड़ा स्थित अपनी फैक्ट्री आए थे। उन्होंने फैक्ट्री में मेज पर करीब ₹5 लाख से भरा बैग रखा था, जिसे कोई अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों—मोहन उर्फ गोलू (निवासी नगला मसानी, थाना देहली गेट) और बोतल उर्फ फरहान कुरैशी (निवासी मदार गेट, थाना कोतवाली नगर)—की पहचान की। मोहन पीड़ित के गोदाम में काम करता था जबकि फरहान सामने जिम करता था। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि उन्होंने 5 अगस्त को योजना बनाई थी और 7 अगस्त को वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने दोनों को मथुरा रोड पर रेलवे ट्रैक पुल के नीचे पुलिया से गिरफ्तार किया। मोहन के पास से ₹2,49,000 जबकि फरहान के पास से ₹2 लाख और एक ब्राउन बैग बरामद हुआ।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक हरिभान सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक आदित्य कुमार खोखर, अंकित कुमार, रोहित सिंह, हेड कांस्टेबल अमित कुमार, बृजेश बाबू और कांस्टेबल दिगम्बर सिंह, अंकित कुमार शामिल रहे।





