
- रिपोर्ट: विक्रांत चौधरी
अलीगढ: अलीगढ़ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 957 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने जनता को रक्षाबंधन और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की अग्रिम शुभकामनाएं दीं और कहा कि डबल इंजन की सरकार बिना भेदभाव के विकास कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ में पेयजल पुनर्गठन योजना, विधि विज्ञान प्रयोगशाला, अतरौली से रेलवे स्टेशन मार्ग के चौड़ीकरण, अतरौली में एक डिग्री कॉलेज, और 900 किलोलीटर जलाशय जैसी कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने बताया कि आने वाले समय में यह योजनाएं अलीगढ़ को एक नई पहचान देंगी।
उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि यह न केवल उच्च शिक्षा का केंद्र बनेगा बल्कि स्वतंत्रता संग्राम के नायक के बलिदान की याद को भी जीवित रखेगा। साथ ही उन्होंने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) योजना का जिक्र करते हुए कहा कि अलीगढ़ का ताला उद्योग और हार्डवेयर आज अंतरराष्ट्रीय पहचान प्राप्त कर रहा है।
डिफेंस कॉरिडोर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि अलीगढ़ इसका महत्वपूर्ण केंद्र है और यहां पर रक्षा उत्पादन की शुरुआत हो चुकी है। ब्रह्मोस मिसाइल जैसे महत्वपूर्ण रक्षा उत्पाद भी अब उत्तर प्रदेश में बनने लगे हैं।

मुख्यमंत्री ने स्वदेशी अपनाने और चीनी उत्पादों से दूरी बनाने की अपील की। उन्होंने बताया कि त्योहारों के दौरान स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ी है, जिससे युवाओं को रोजगार और कारीगरों को सम्मान मिल रहा है। उन्होंने कहा कि विदेशी उत्पादों से होने वाला मुनाफा भारत विरोधी गतिविधियों में इस्तेमाल हो सकता है, इसलिए स्वदेशी अपनाना आज की आवश्यकता है।

स्वच्छता पर जोर देते हुए सीएम योगी ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छता में भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने प्लास्टिक उपयोग से बचने और नालियों में कूड़ा न डालने की अपील की।
उन्होंने बताया कि हाल ही में पुलिस विभाग में 6244 नई भर्तियां की गई हैं, जिनमें 1344 अलीगढ़ से हैं। यह पारदर्शिता और सुशासन का प्रतीक है।

सीएम योगी ने अंत में हर घर तिरंगा अभियान की जानकारी देते हुए सभी नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराने की अपील की और कहा कि अलीगढ़ विकास, स्वच्छता और सुरक्षा में अग्रणी बने, यही सरकार का संकल्प है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि जनता का सहयोग सरकार को और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करता है।





