
- रिपोर्ट: विक्रांत प्रताप
अलीगढ़: थाना अकराबाद क्षेत्र के गोपी पुल के पास नेशनल हाईवे-34 पर सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक कार और कैंटर की आमने-सामने टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे कार में सवार एक बच्चे, एक महिला और एक पुरुष समेत चार लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। कैंटर का परिचालक गंभीर रूप से झुलस गया और उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, कैंटर अलीगढ़ से एटा की ओर जा रहा था, जबकि कार एटा से अलीगढ़ की ओर आ रही थी। हादसे का कारण कार का टायर फटना बताया जा रहा है, जिसके चलते कार अनियंत्रित होकर रॉन्ग साइड में चली गई और कैंटर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन आग का गोला बन गए। इस भयावह हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कैंटर के परिचालक को गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। घायल परिचालक को तत्काल रेस्क्यू कर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद नेशनल हाईवे-34 पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया।
एसपी देहात अमृत जैन ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया और बताया कि मृतकों की पहचान करने के लिए पुलिस प्रयासरत है। प्रारंभिक जांच में टायर फटने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ा दी है।



