
- रिपोर्ट: विक्रांत चौधरी
लखनऊ: अलीगढ़ के भुजपुरा सुपर कॉलोनी निवासी 48 वर्षीय योगेंद्र उर्फ बॉबी ने बुधवार दोपहर लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय के बाहर खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। युवक अपनी बहन के साथ हुई मारपीट और छेड़छाड़ की शिकायत लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव से मिलने लखनऊ पहुंचा था। इस घटना के बाद अलीगढ़ पुलिस अलर्ट हो गई और जांच शुरू कर दी।
योगेंद्र का आरोप है कि उसके मोहल्ले के कुछ लोग, जिनमें दानिश, वसीम, नाजिम पुत्र शमीम अहमद और मास्टर शामिल हैं, ने उससे 6 लाख रुपये हड़प लिए। इसके अलावा, आरोपियों ने उसकी बहन शमा के साथ छेड़छाड़ और मारपीट की। योगेंद्र ने बताया कि उसने कई बार स्थानीय पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। हताश होकर उसने सपा कार्यालय के बाहर यह कदम उठाया।
घटना दोपहर करीब 3 बजे विक्रमादित्य मार्ग पर हुई। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने आग बुझाकर योगेंद्र को सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि वह 80% तक झुलस गया है। सिविल अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि जरूरत पड़ने पर उसे KGMU रेफर किया जा सकता है।
इस घटना के बाद अलीगढ़ में पुलिस हरकत में आई। सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मयंक पाठक पुलिस बल के साथ योगेंद्र के घर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित की मां और बहन से बातचीत कर मामले की जांच शुरू की। गौतमपल्ली थाना पुलिस और अलीगढ़ पुलिस संयुक्त रूप से इस मामले की तहकीकात कर रही है।
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने इस घटना पर दुख जताते हुए सरकार से बेहतर इलाज और न्याय की मांग की। उन्होंने कहा कि यह घटना उत्तर प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को दर्शाती है। दूसरी ओर, योगेंद्र ने अपने पत्र में आरोप लगाया कि सपा विधायक शमीम अहमद का भाई और अन्य लोग उसके मकान पर कब्जा करना चाहते हैं और उसे धमकियां दे रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि योगेंद्र सपा नेत्री सबा परवीन के घर पर रहता था और उनके साथ ही लखनऊ आया था। इस मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है, और अलीगढ़ के थाना कोतवाली नगर क्षेत्र में भी जांच तेज कर दी गई है।





