
अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में हुए भीषण एयर इंडिया विमान हादसे के कुछ दिन बाद, एयर इंडिया सैट्स सर्विसेज (AISATS) के ऑफिस में जश्न मनाते कर्मचारियों का वीडियो सामने आने के बाद देशभर में आक्रोश फैल गया। इस वीडियो में कर्मचारी डांस और पार्टी करते नजर आ रहे थे, जिसे लोगों ने गंभीर असंवेदनशीलता बताया। मामले के तूल पकड़ते ही कंपनी ने चार वरिष्ठ अधिकारियों को बर्खास्त कर दिया है।
कंपनी ने बयान जारी कर कहा,
“हम इस घटना को गंभीरता से लेते हैं। दोषी कर्मचारियों पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है और शेष स्टाफ को कड़ी चेतावनी दी गई है। हम पीड़ित परिवारों के साथ हैं और इस दुखद घटना को लेकर गहरा खेद प्रकट करते हैं। कंपनी प्रोफेशनलिज्म और जिम्मेदारी के सिद्धांतों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।”
क्या है मामला?
12 जून को दोपहर करीब 1 बजे, अहमदाबाद एयरपोर्ट पर एयर इंडिया का बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस भीषण हादसे में 270 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि सिर्फ एक व्यक्ति जीवित बच सका। इस त्रासदी से पूरा देश और दुनिया स्तब्ध रह गई थी।
लेकिन इस हादसे के कुछ ही दिन बाद, एयरपोर्ट सर्विस प्रोवाइडर AISATS के कुछ वरिष्ठ अधिकारी ऑफिस में पार्टी करते नजर आए। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना शुरू हो गई और लोगों ने इसे “अमानवीय” और “निर्दयी” बताया।
कंपनी की साख पर सवाल
इस घटना ने न सिर्फ कंपनी की साख को झटका दिया है, बल्कि ऐसे संवेदनशील समय में अधिकारियों के गैर-जिम्मेदाराना रवैये ने एविएशन इंडस्ट्री की नैतिकता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि कंपनी द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई को कई लोगों ने उचित कदम बताया है।
अब सबकी नजरें इस बात पर हैं कि कंपनी आगे इस तरह की घटनाओं से कैसे निपटेगी और अपनी छवि की मरम्मत कैसे करेगी।




