
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
अहमदाबाद में पुलिस इंस्पेक्टर वनराज मंझरिया की रेबीज के कारण दुखद मृत्यु ने सभी के लिए एक गंभीर चेतावनी जारी की है। पांच दिन पहले उनके पालतू जर्मन शेफर्ड कुत्ते का नाखून उन्हें लग गया था। चूंकि उनके कुत्ते को नियमित रूप से रेबीज वैक्सीन दी जाती थी और यह सिर्फ नाखून का मामला था, न कि काटने का, इसलिए वनराज भाई ने इसे हल्के में लिया।
हालांकि, इस लापरवाही ने उनकी जान ले ली। उन्हें रेबीज हो गया और अहमदाबाद के केडी हॉस्पिटल में पांच दिनों तक भर्ती रहने के बावजूद उनकी स्थिति बिगड़ती गई। रेबीज का कोई इलाज नहीं होने के कारण उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया और अंततः उनकी मृत्यु हो गई।
अंतिम समय में रेबीज वायरस के दिमाग पर असर करने के कारण उन्हें बेड से बांधकर रखना पड़ा, क्योंकि यह वायरस मस्तिष्क को प्रभावित कर व्यक्ति को हिंसक बना सकता है। इस घटना ने एक महत्वपूर्ण सबक दिया है कि यदि किसी कुत्ते का नाखून भी लगे, तो तुरंत रेबीज का टीका लगवाना चाहिए।
विशेषज्ञों की सलाह है कि भले ही कुत्ते का मालिक दावा करे कि पालतू कुत्ते को रेबीज का टीका लगा है, फिर भी नाखून लगने या काटने की स्थिति में बिना देरी के रेबीज वैक्सीन जरूर लगवाएं। यह मामला सभी पालतू जानवरों के मालिकों और आम लोगों के लिए एक गंभीर चेतावनी है।



