
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आगरा के पिनाहट क्षेत्र के चिटमा रोड निवासी मुकेश की फिरोजाबाद में मारपीट के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है।
मुकेश की बहन पूरन देवी के ससुराल में उत्पीड़न की सूचना मिलने पर मुकेश अपने पिता सियाराम के साथ उसकी ससुराल पहुंचा था। वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। इस दौरान मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सियाराम और अन्य परिवार के सदस्यों को भी चोटें आईं। मुकेश को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
थाना बसई मोहम्मदपुर पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। शेष फरार आरोपियों की तलाश जारी है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है और आश्वासन दिया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस दुखद घटना ने स्थानीय समुदाय में गहरा आघात पहुंचाया है।




