
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आगरा: आगरा के अछनेरा क्षेत्र के एक गांव में आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई। इस दौरान एक विधवा महिला के घर पर लाठी-डंडों से हमला किया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
छह नामजद, गांव में तनाव, पुलिस ने बढ़ाई गश्त
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने स्थिति पर काबू पाने के लिए गश्त बढ़ा दी है। महिला की तहरीर पर सोबराम, चंदन सिंह सहित छह लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
विवाद में चली लाठियां, कई परिवार दहशत में
आपसी आरोप-प्रत्यारोप से उपजा विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठियों से हमला कर दिया। घटना के बाद गांव में दहशत फैल गई और कई परिवारों ने डर के चलते खुद को घरों में बंद कर लिया।
चश्मदीद बोले—पूर्व नियोजित था हमला
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यह घटना पूर्व नियोजित प्रतीत होती है। हमला सुनियोजित तरीके से किया गया और निशाना महिला के घर को बनाया गया।
पुलिस जांच में जुटी, ग्रामीणों ने मांगी सुरक्षा
महिला की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपियों की तलाश जारी है। गांव के लोग घटना से आक्रोशित हैं और थाने पहुंचकर सुरक्षा की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन ने हालात पर नजर बनाए हुए है और दावा किया है कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





