
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आगरा: विजिलेंस टीम ने लंबे समय बाद बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार को श्रम विभाग के एक बाबू को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू प्रदीप वर्मा को ₹15 हजार की रिश्वत लेते समय पकड़ा गया।
यह कार्रवाई राज किशोर चौहान पुत्र स्व. राम सिंह निवासी बाह की शिकायत पर की गई। उन्होंने बताया कि बाह क्षेत्र में उनकी दुकान और मकान निर्माण को लेकर श्रम विभाग द्वारा 28 दिसंबर 2024 को एक नोटिस जारी किया गया था। इस संबंध में कर्मकारों के रजिस्टर में कथित उल्लंघन का मामला था। राज किशोर से सहायक प्रदीप वर्मा ने काम निपटवाने के एवज में ₹15 हजार की रिश्वत मांगी थी।
राज किशोर ने इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की, जिसके बाद गोपनीय जांच में मामला सही पाया गया। इसके बाद एसपी विजिलेंस आलोक शर्मा के नेतृत्व में टीम ने जाल बिछाकर बाबू प्रदीप वर्मा को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
एसपी विजिलेंस आलोक शर्मा ने कहा कि यदि किसी भी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत की मांग की जाती है, तो नागरिक 94544 01866 नंबर पर विजिलेंस को शिकायत कर सकते हैं। विभाग द्वारा ऐसी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।





