
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
आगरा: शहर के बेलनगंज इलाके में दिनदहाड़े एक अकाउंटेंट की सरेआम पिटाई का मामला सामने आया है। शाम 7 बजे भैरों बाजार स्थित कमल होटल के सामने कुछ युवकों ने युवक को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा। यह पूरी वारदात पास की एक दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
CCTV फुटेज से मचा हड़कंप
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि भीड़ के बीच युवक को बुरी तरह पीटा जा रहा है, लेकिन मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। पीड़ित युवक के अकाउंटेंट होने की जानकारी मिली है और उसे चोटें आई हैं।
सोशल मीडिया पर बवाल, पुलिस जांच में जुटी
वीडियो वायरल होते ही आगरा में हड़कंप मच गया। सोशल मीडिया पर लोगों ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
बाजार में दहशत, लोगों में गुस्सा
बीच बाजार हुई इस बर्बरता से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब खुलेआम ऐसी घटनाएं हो सकती हैं, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित की जाएगी?
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।





